लगातार दूसरे शुक्रवार को दोपहर की नमाज के बाद दिल्ली में प्रदर्शन; उप्र के 21 जिलों में इंटरनेट बंद, अलर्ट

नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के खिलाफ लगातार दूसरे शुक्रवार को दोपहर की नमाज के बाद दिल्ली में जामा मस्जिद के बाहर, सीलमपुर, जोर बाग और जाफराबाद में प्रदर्शन हुए। इसमें भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। हजारों लोगों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। हालांकि, इनमें हिंसा नहीं हुई। हिंसा की आशंका को देखते हुए उत्तर प्रदेश और दिल्ली में पुलिस मुस्तैद थी। हर मस्जिद के बाहर 10-10 वॉलंटियर तैनात किए गए।


उत्तर प्रदेश में लखनऊ, मुरादाबाद, अमरोहा, संभल, गाजियाबाद, मेरठ, कानपुर, सीतापुर, शामली, बुलंदशहर, सहारनपुर, फिरोजाबाद और मथुरा समेत 21 जिलों में मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया। पिछले शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में 22 जिलों में प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में 22 लोगों की मौत हो गई थी। यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि कानून और व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। शुक्रवार को 21 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद की गई है।